Chamoli News- विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर, डीएम ने मांगी जवाबदेही

Chamoli News- जनपद चमोली में मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं को धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एवं गतिमान परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, शासन स्तर पर लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और आवश्यक फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि विकास परियोजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर कोई भी घोषणा अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। जिन योजनाओं में शासन स्तर पर स्वीकृति अथवा कार्रवाई अपेक्षित है, उनके प्रस्ताव समयबद्ध तरीके से शासन को भेजे जाएं। साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Chamoli News- बैठक में 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय आंकड़ों की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियों में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।

Chamoli News

इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 4 जुलाई 2021 से वर्तमान तक मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चमोली के लिए कुल 166 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 101 घोषणाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई और क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं और बाधाओं का समय रहते समाधान किया जाए, जिससे विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन से जनपद के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Chamoli News- बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *