Pragyanam AI Chatbot- अब सिर्फ एक क्लिक में मिलेगा वेद-उपनिषद का ज्ञान

Pragyanam AI Chatbot- उत्तराखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए श्री देव सुमन उत्तराखंड यूनिवर्सिटी ने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है, विश्वविद्यालय ने “प्रज्ञानम्” नामक एक उन्नत AI चैटबॉट विकसित किया है, जो अब विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम लोगों के लिए प्राचीन भारतीय ज्ञान को आसान और सुलभ बना रहा है।

यह चैटबॉट विशेष रूप से वेद, उपनिषद, प्राचीन गणित, खगोल विज्ञान और ज्योतिष जैसे विषयों पर आधारित प्रश्नों के प्रमाणिक और शोध-आधारित उत्तर प्रदान करता है। इसकी खास बात यह है कि यह न केवल टेक्स्ट के रूप में बल्कि वॉइस (मौखिक) माध्यम से भी जवाब देने में सक्षम है, जिससे उपयोगकर्ताओं का अनुभव और बेहतर बनता है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में लगभग सभी पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान परंपरा को शामिल किया गया है। ऐसे में “प्रज्ञानम्” छात्रों के लिए एक प्रभावी डिजिटल टूल साबित होगा, जो जटिल विषयों को सरल भाषा में समझने में मदद करेगा।

Pragyanam AI Chatbot- इस चैटबॉट को विश्वविद्यालय के PLMS परिसर में बीसीए विभाग के शिक्षकों की टीम ने तैयार किया है। परियोजना के समन्वयक डॉ. गौरव वाष्णेय ने बताया कि राज्यपाल द्वारा सभी विश्वविद्यालयों को एक-एक विशिष्ट विषय पर कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसके तहत इस विश्वविद्यालय को “भारतीय ज्ञान परंपरा” विषय सौंपा गया।

इसी दिशा में विश्वविद्यालय ने पहले राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस आयोजित की और शोध-पत्रों के आधार पर एक पुस्तक प्रकाशित की, जिससे एक मजबूत और प्रमाणिक डेटा बेस तैयार हुआ। लगभग एक वर्ष के निरंतर शोध और प्रयासों के बाद इसी सामग्री के आधार पर “प्रज्ञानम्” AI चैटबॉट विकसित किया गया।

Pragyanam AI Chatbot- यह पहल न केवल पारंपरिक ज्ञान को डिजिटल युग से जोड़ती है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और शिक्षा को अधिक आधुनिक, इंटरैक्टिव और प्रभावी बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *