Uttarakhand Weather- ऊंचाई पर बर्फ, निचले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि

Uttarakhand Weather- चमोली जनपद में रविवार को मौसम ने अचानक बदलाव दिखाया, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, वहीं निचले इलाकों में बारिश के चलते ठंडक बढ़ गई। गोपेश्वर नगर क्षेत्र में कुछ देर के लिए बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखी गई।

बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, काली माटी, नंदा घुंघटी, नीती और माणा घाटी में बर्फबारी हुई। ज्योतिर्मठ, पोखरी, पीपलकोटी, नंदानगर और नंदप्रयाग सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम की अचानक करवट के कारण लोग घरों में ही सुरक्षित रहे।

रविवार को बदरीनाथ हाईवे पर बिरही के पास आंधी-तूफान से चीड़ के दो पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। निजमुला घाटी के भ्रमण से लौट रहे बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला भी जाम में फंसे रहे। बाद में उन्होंने और अन्य सवारियों ने मिलकर पेड़ हटाए, जिससे मार्ग सुचारु हो गया। सौभाग्य से उस समय कोई वाहन गुजर नहीं रहा था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वहीं, बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर भी कई जगह चीड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर आ गई थीं, जिन्हें सवारियों ने सड़क से हटाया।

Uttarakhand Weather

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

Uttarakhand Weather- रविवार को तापमान में भी गिरावट देखी गई। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 12.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। मौसम अगले कुछ दिनों तक प्रभावित रहेगा, 24 फरवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, जबकि 25 से 28 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *