Haridwar Kumbh 2027- उत्तराखंड में 2027 कुंभ मेले की तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार दौरे पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, इसके पश्चात सीसीआर भवन में कुंभ मेले से जुड़े 34 विकास कार्यों के लिए 234 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 2027 कुंभ मेले को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी की, बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, डीजीपी दीपम सेठ और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं उन्होंने कहा कि स्वयं वे इन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही अखाड़ों के साधु-संतों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि सनातन परंपराओं के अनुरूप दिव्य और भव्य आयोजन सुनिश्चित हो सके।

Haridwar Kumbh 2027- सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड से एक सकारात्मक और यादगार अनुभव लेकर जाएं।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 का हरिद्वार कुंभ कोरोना महामारी के कारण प्रभावित हुआ था। इस बार राज्य सरकार 2027 के अर्द्धकुंभ को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर भव्य रूप में आयोजित करने की तैयारी में है। पेशवाई, धर्मध्वजा स्थापना, छावनियां और शाही स्नान सहित सभी पारंपरिक आयोजन होंगे।
Haridwar Kumbh 2027- चारधाम यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा पूर्व अनुभवों को ध्यान में रखते हुए बेहतर प्रबंधन के साथ आयोजित की जाएगी। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अप्रैल–मई में कपाट खुलने के साथ यात्रा शुरू हो जाएगी।