Film Shooting in Uttarakhand- उत्तराखंड की वादियों में लौटेगा बॉलीवुड, शूटिंग की तैयारियां पूरी

Film Shooting in Uttarakhand- देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की नजर अब तेजी से उत्तराखंड की वादियों पर टिक रही है, बर्फ से ढकी चोटियां, हरी-भरी घाटियां, नदियों और जंगलों से सजी लोकेशनों के साथ राज्य की अनुकूल फिल्म नीति ने उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना दिया है, इसी का नतीजा है कि मार्च से एक बार फिर प्रदेश में फिल्मी हलचल तेज होने जा रही है और कई बड़े प्रोजेक्ट्स की शूटिंग शुरू होने की तैयारी है।

बीते कुछ सप्ताहों में बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म से जुड़ी कई टीमें उत्तराखंड की अलग-अलग लोकेशनों की रैकी कर चुकी हैं और अब मुंबई लौट गई हैं। इनमें नई बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ वेबसीरीज के प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। इसके साथ ही गढ़वाली और कुमाऊंनी सिनेमा से जुड़े निर्माता-निर्देशकों ने भी अपनी फिल्मों की शूटिंग की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Film Shooting in Uttarakhand

हाल ही में रिलीज हुई बहुचर्चित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ की बड़ी हिस्सेदारी उत्तराखंड में शूट की गई थी। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में फिल्म के कई अहम दृश्य फिल्माए गए। अब मार्च महीने में अभिनेता अभय देओल के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है। उनकी आगामी फिल्म के लिए राज्य में लोकेशन रैकी पूरी हो चुकी है और बताया जा रहा है कि उनके साथ अन्य कलाकार भी शूटिंग के लिए आएंगे। इसके अलावा एक और बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग अप्रैल से शुरू होने की तैयारी में है।

Film Shooting in Uttarakhand- स्थानीय फिल्मों के मोर्चे पर भी गतिविधियां तेज हैं। निर्माता-निर्देशक अनुज जोशी की गढ़वाली फिल्म ‘लोग मेरा गौं का’, निर्देशक देबू रावत की ‘बैरी माया’ और ‘सुपन्यू’ की शूटिंग इसी महीने के अंत से मार्च तक प्रस्तावित है। वहीं अशोक चौहान की फिल्म ‘भग्यान’ की शूटिंग मार्च में टिहरी, देहरादून और ऋषिकेश के क्षेत्रों में होगी। इंप्रेशन ग्रुप के अतुल पैन्युली के अनुसार, कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए फिलहाल रैकी का काम चल रहा है।

फिल्म शूटिंग को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत बड़े कदम उठाए हैं। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद द्वारा एक फिल्म रिसोर्स डायरेक्टरी तैयार की जा रही है, जिसमें स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, लोकेशन, उपकरण और अन्य संसाधनों की विस्तृत जानकारी होगी। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले फिल्म निर्माताओं को स्थानीय प्रतिभाओं से जोड़ना है।

इस डायरेक्टरी में शूटिंग स्थलों के आसपास उपलब्ध होटल, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बाजार और जरूरी सुविधाओं की जानकारी भी शामिल की जाएगी, ताकि फिल्म यूनिट और क्रू मेंबर्स को किसी तरह की दिक्कत न हो और शूटिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।

Film Shooting in Uttarakhand- पिछले वर्ष उत्तराखंड में ‘आंखों की गुस्ताखियां’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘भाभीजी घर पर हैं’, ‘विकी विद्या का वह वाला वीडियो’, ‘तिकड़म’, ‘पुतुल’, ‘रौतू का राज’, ‘तन्वी द ग्रेट’, ‘पास्ट टेंस’, ‘केसरी-2’, ‘मेरे हसबैंड की बीबी’ और ‘बॉर्डर-2’ सहित कई फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स की शूटिंग की गई। इस दौरान दिव्येंदु शर्मा, विक्रांत मैसी, तापसी पन्नू, राघव जुयाल, जिमी शेरगिल, तृप्ति डिमरी, विक्की कौशल, वरुण धवन और सनी देओल जैसे बड़े कलाकार उत्तराखंड पहुंचे।

17 जनवरी को दैनिक जागरण के एक फोरम में पहुंचे अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाओं को रेखांकित किया था। उन्होंने कहा था कि यहां की लोकेशन बेहद शानदार हैं और यदि सरकार स्थानीय कलाकारों व तकनीशियनों को प्राथमिकता देकर सब्सिडी से जोड़े, तो राज्य फिल्म उद्योग का बड़ा केंद्र बन सकता है।

Film Shooting in Uttarakhand- तेजी से बढ़ती फिल्म गतिविधियों के साथ उत्तराखंड न केवल पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहा है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और रचनात्मक अवसरों का नया मंच भी तैयार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *