Santoshi Solanki- जनपद देहरादून की सहसपुर विकासखंड अंतर्गत शंकरपुर गांव निवासी लखपति दीदी संतोषी सोलंकी को 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वीं गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है।
संतोषी सोलंकी ने वर्ष 2018 में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया और आज वह एक सफल महिला उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने सेलाकुई क्षेत्र में सोलंकी प्रिंटिंग प्रेस की स्थापना की, जो आज न केवल उनकी आजीविका का सशक्त साधन है, बल्कि चार अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रहा है।
Santoshi Solanki- जिलाधिकारी सविन बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि संतोषी सोलंकी एक सफल उद्यमी होने के साथ-साथ लखपति दीदी के रूप में जिले और प्रदेश में प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। गणतंत्र दिवस परेड में उनके चयन से राज्य का मान बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान, खिलाड़ी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्टार्टअप उद्यमी एवं सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस प्रतिष्ठित आयोजन में आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में संतोषी सोलंकी का चयन किया गया है।
संतोषी सोलंकी एकता स्वयं सहायता समूह की सदस्य रही हैं और आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से उन्हें सीसीएल, सीईएफ और सीसी जैसी वित्तीय सहायता एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इन संसाधनों का कुशल उपयोग करते हुए उन्होंने अपने प्रिंटिंग प्रेस व्यवसाय को निरंतर विस्तार दिया।

आज उनके उद्यम का कुल टर्नओवर 60 लाख रुपये से अधिक हो चुका है। इतना ही नहीं, संतोषी अब तक अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों की 250 से अधिक ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न उद्यमों से जुड़ने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित कर चुकी हैं। वे ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, साहस और नेतृत्व की एक सशक्त मिसाल बनकर उभरी हैं।
Santoshi Solanki- संतोषी सोलंकी की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिले, तो ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक सशक्तिकरण की नई इबारत लिख सकती हैं। गणतंत्र दिवस परेड में उनकी उपस्थिति नारी शक्ति और ग्रामीण उद्यमिता का सशक्त संदेश पूरे देश तक पहुंचाएगी।