Devendra Singh Bora- विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बागेश्वर जिले के छतीना गांव निवासी तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा ने अपने करियर की यादगार उपलब्धि हासिल करते हुए मुंबई के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। इस ऐतिहासिक क्षण ने न केवल मैच में बल्कि पूरे प्रदेश में उत्साह भर दिया।
25 वर्षीय देवेंद्र सिंह बोरा उत्तराखंड की टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने घरेलू और जूनियर क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2023–24 में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ एक मैच में 10 विकेट लेकर उन्होंने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा उत्तराखंड में आयोजित टी-20 क्रिकेट लीग में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा।
देवेंद्र ने वर्ष 2024 में देहरादून में पुडुचेरी के खिलाफ अपना पहला रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेला था, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में यह उनका तीसरा मैच है। जयपुर में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप मैच में जैसे ही उन्होंने रोहित शर्मा को पहली गेंद पर आउट किया, टीवी पर मैच देख रहे उनके परिजन और क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। गांव छतीना में भी जश्न का माहौल बन गया।
Devendra Singh Bora- देवेंद्र का गांव शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है। उनके पिता बलवंत सिंह बोरा और माता नीमा देवी खेती-किसानी से जुड़े हैं। परिवार और ग्रामीणों को उम्मीद है कि देवेंद्र उत्तराखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। उनके भाई संदीप बोरा बताते हैं कि देवेंद्र ने गांव के खेतों में क्रिकेट खेलते हुए ही अपनी प्रतिभा को निखारा।