Marriage Fraud- शादी कराने के नाम पर ठगी और धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक बिचौलिये ने पैसों के लालच में आकर आंखों से दिव्यांग युवक का सच छिपाकर एक युवती से उसका निकाह करा दिया। लेकिन शादी की खुशियां चंद रोज भी नहीं टिक सकीं। जैसे ही दुल्हन को पता चला कि उसका शौहर देख नहीं सकता, घर में कोहराम मच गया। दुल्हन तुरंत ससुराल छोड़कर अपने मायके लौट गई और साथ रहने से साफ इंकार कर दिया।
अब पीड़ित दिव्यांग दूल्हे ने पुलिस की शरण लेकर शादी में खर्च हुए लाखों रुपये और बिचौलिये को दी गई मोटी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
Marriage Fraud- शादी के नाम पर ऐंठे हजारों रुपये
Marriage Fraud-मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव का है। यहाँ रहने वाले एक दृष्टिबाधित युवक से कुछ समय पहले गांव के ही एक शख्स ने संपर्क किया था। उसने युवक के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और कहा कि इसमें कुछ लाख रुपये का खर्च आएगा। घर बसने की आस में दिव्यांग युवक उसकी बातों में आ गया। बिचौलिये ने शादी का झांसा देकर युवक से एडवांस के तौर पर हजारों रुपये ऐंठ लिए।

इसके बाद आरोपी बिचौलिये ने बहादराबाद क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से उसका निकाह तय करा दिया। साजिश के तहत बिचौलिये ने युवती और उसके परिवार से यह बात पूरी तरह छुपाए रखी कि लड़का आंखों से देख नहीं सकता।
Marriage Fraud- विदाई के बाद खुली पोल
निकाह संपन्न होने के बाद जब दुल्हन विदा होकर रामपुर गांव पहुंची, तब जाकर इस बड़े धोखे का पर्दाफाश हुआ। पति के दिव्यांग होने की सच्चाई सामने आते ही दुल्हन और उसके परिजन आगबबूला हो गए। शादी के कुछ ही दिन बाद युवती अपने मायके लौट गई। पीड़ित पति जब अपनी पत्नी को वापस लेने ससुराल पहुंचा, तो उसने साथ आने से मना कर दिया और रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया। कई दिनों तक लड़के पक्ष के लोग मान-मनौव्वल करते रहे, लेकिन लड़की पक्ष टस से मस नहीं हुआ।
Marriage Fraud- अब तलाक की तैयारी
Marriage Fraud- इसी बीच पीड़ित युवक को पता चला कि लड़की पक्ष अब उससे कानूनी तौर पर तलाक लेने की तैयारी कर रहा है। खुद को ठगा महसूस कर रहे युवक ने जब बिचौलिये को पकड़कर सच छिपाने का आरोप लगाया और अपनी रकम वापस मांगी, तो बिचौलिये ने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने भी डूबी रकम लौटाने से हाथ खड़े कर लिए।
थक-हारकर पीड़ित दिव्यांग युवक गंगनहर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों और बिचौलिये को बुलाकर पूछताछ की जा रही है, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…