Kedarnath Yatra 2025- बारिश और बर्फबारी के बावजूद बाबा केदारनाथ के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। बुधवार को 5614 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 23 अक्तूबर (भैयादूज) को बंद होंगे, यानी यात्रा अब भी 15 दिन और जारी रहेगी।
- इस बीच तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
- राज्य सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुख्ता इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, भूस्खलन प्रभावित स्थानों पर जेसीबी मशीनों की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी की गई है।
Kedarnath Yatra 2025- उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल 2025 को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।
हालांकि मानसून के दौरान अतिवृष्टि, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई थी, लेकिन प्रशासन ने युद्धस्तर पर काम करते हुए यात्रा मार्गों को शीघ्र बहाल कर दिया।
प्रशासन की ओर से यात्रियों को अभी भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खराब मौसम में यात्रा न करने और रास्ते में फंसने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की गई है।
Kedarnath Yatra 2025- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी मार्गों पर आवश्यक यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह ध्यान रखा जाए और सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें।