Uttarakhand Chunav 2027- आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड की सियासत में सरगर्मी तेज हो गई है, जहां कांग्रेस पार्टी अब तक यह तय नहीं कर पाई है कि उसका कौन नेता किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगा, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने टिकट वितरण को लेकर अपनी रणनीति लगभग स्पष्ट कर दी है।
कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय दिखाई दे रही है, लेकिन टिकट वितरण को लेकर पार्टी के भीतर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेता संगठनात्मक एकजुटता का संदेश जरूर दे रहे हैं, परंतु अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि पार्टी के प्रमुख नेता किन विधानसभा सीटों से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
Uttarakhand Chunav 2027- कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अभी तक सीटों को लेकर पत्ते न खोलने के पीछे अंदरूनी असंतोष की आशंका भी एक कारण मानी जा रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि यदि समय से पहले सीटों की घोषणा की गई, तो अन्य दावेदारों का विरोध सामने आ सकता है, जिससे संगठनात्मक एकता प्रभावित हो सकती है।
दूसरी ओर, भाजपा ने टिकट वितरण को लेकर स्पष्ट संकेत दिए हैं। पार्टी की रणनीति के तहत मौजूदा मंत्री और विधायक अपनी-अपनी वर्तमान विधानसभा सीटों से ही चुनाव लड़ेंगे। खराब प्रदर्शन की स्थिति में टिकट कटने की संभावना जरूर है, लेकिन किसी भी नेता को दूसरी सीट से चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया जाएगा। भाजपा ने इस रणनीति के जरिए नेताओं को उनकी-अपनी सीटों से बांधकर रखने का फैसला किया है।
Uttarakhand Chunav 2027- कांग्रेस के भीतर कई प्रमुख नेताओं की सीटों को लेकर असमंजस बना हुआ है, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल खुद किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, यह अभी तय नहीं है। वहीं कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति का नेतृत्व कर रहे डॉ. हरक सिंह रावत की विधानसभा सीट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पहले ही विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा कर चुके हैं, हालांकि उनके बेटे के लिए टिकट की पैरवी किए जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर जरूर है, लेकिन टिकट वितरण के मामले में पार्टी के पास भाजपा जैसी स्पष्ट और तयशुदा रणनीति फिलहाल नजर नहीं आ रही है।
Uttarakhand Chunav 2027- इस पूरे मसले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सभी राजनीतिक दल जीत की संभावना को ध्यान में रखते हुए टिकटों पर फैसला करते हैं। कांग्रेस पार्टी भी आने वाले समय में चुनाव जीतने की संभावना के अनुरूप यह तय करेगी कि कौन नेता किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगा।