Uttarakhand Aviation- उत्तराखंड की उड़ानें होंगी और तेज़, धामी ने दिल्ली में रखा बड़ा रोडमैप

Uttarakhand Aviation- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड में विमानन क्षेत्र के विकास, हवाई संपर्क सुधार और पर्यटन को नई गति देने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने राज्य को विमानन क्षेत्र में मिल रहे सहयोग के लिए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से राज्य के हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत कियोस्क स्थापित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल से उत्तराखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

Uttarakhand Aviation- चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाएँ

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि मानसून समाप्त होने के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं को पुनः शुरू करने की योजना बनाई गई है। यह सेवाएँ खास तौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए बेहद उपयोगी होंगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में हेली सेवाओं के संचालन को लेकर कई सुझाव मिले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी और सड़कों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य के 70% से अधिक क्षेत्र के वनाच्छादित होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्वतीय जिलों में हवाई संपर्क न केवल आवश्यक है, बल्कि पर्यटन, नागरिक आवागमन और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमानों के संचालन योग्य बनाने और इन्हें दिल्ली, देहरादून व हिंडन से जोड़ने का अनुरोध किया। इससे चारधाम यात्रा सुगम होगी और पर्वतीय क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी आसान हो सकेगी।

Uttarakhand Aviation- जौलीग्रांट और पंतनगर हवाई अड्डा

Uttarakhand Aviation- मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर रात्रिकालीन उड़ानों की सुविधा शुरू करने का भी अनुरोध किया, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिल सकें। उन्होंने पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण पर भी चर्चा की और बताया कि राज्य सरकार ने अधिकांश कार्य पूरे कर दिए हैं। इस पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को शीघ्र काम शुरू करने के निर्देश देने का आग्रह किया गया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) के अंतर्गत दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह सेवा राज्य के पर्यटन के साथ-साथ सामरिक और मानवीय दृष्टिकोण से भी लाभकारी होगी।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि सभी बिंदुओं पर सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

घर-घर लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, मोबाइल से भी कर पाएंगे रिचार्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *