Sketch Artist Vimal- योगनगरी में चित्रकारी से रच रहा सफलता की कहानी

Sketch Artist Vimal- योगनगरी ऋषिकेश के गंगा तट पर इन दिनों एक ऐसा कलाकार लोगों का ध्यान खींच रहा है, जो कुछ ही मिनटों में काग़ज़ पर सामने बैठे शख़्स की हूबहू तस्वीर उतार देता है। यह कलाकार हैं उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा की तहसील मंडी धनौरा निवासी 52 वर्षीय विमल, जिन्होंने अपनी चित्रकारी के हुनर से देश ही नहीं, विदेशों तक अपनी पहचान बना ली है।

विमल बताते हैं कि चित्र बनाना उनके लिए केवल काम नहीं, बल्कि जुनून है। बचपन से ही उन्हें स्केचिंग का शौक था, जिसे उन्होंने निरंतर अभ्यास और मेहनत से निखारा। आज स्थिति यह है कि वह 14 से 15 मिनट में किसी भी व्यक्ति का स्केच तैयार कर देते हैं, और लोग उनकी कला देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।

Sketch Artist Vimal- अपने इस हुनर को विमल ने आजीविका का साधन बना लिया है। एक स्केच की कीमत आम तौर पर 500 रुपये से शुरू होती है, हालांकि अंतिम राशि कदरदान की संतुष्टि और इच्छा पर निर्भर करती है। उनका कहना है कि सच्ची सराहना ही कलाकार के लिए सबसे बड़ी कमाई होती है।

विमल ने अपने कला-सफर की शुरुआत उत्तर प्रदेश से की थी। इसके बाद उन्होंने लगभग सात वर्षों तक दिल्ली की गलियों में बैठकर लोगों के स्केच बनाए और अनुभव हासिल किया। कोरोना काल के बाद वह ऋषिकेश आ गए और बीते चार वर्षों से नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के गंगा लाइन क्षेत्र में देशी-विदेशी पर्यटकों के स्केच बना रहे हैं।

Sketch Artist Vimal- विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद

गंगा किनारे बैठा यह कलाकार आज विदेशी सैलानियों के बीच भी खासा लोकप्रिय है। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक विमल से अपनी तस्वीरें स्केच के रूप में बनवाते हैं और इसे भारत यात्रा की यादगार निशानी के तौर पर अपने साथ ले जाते हैं।

Sketch Artist Vimal- प्रसिद्ध हस्तियों की भी बनाई तस्वीरें

विमल अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई बॉलीवुड कलाकारों की भी स्केच तैयार कर चुके हैं। विमल का कहना है कि उन्हें जब भी अवसर मिलेगा, वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनकी बनाई हुई स्केच स्वयं भेंट करना चाहेंगे।

विमल की यह यात्रा साबित करती है कि मेहनत और सच्चे हुनर के आगे हालात कभी रुकावट नहीं बनते। उनका संघर्ष और सफलता आज कई युवाओं और कलाकारों के लिए प्रेरणा बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *