Rajya Andolankari Pension- राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। सीएम धामी ने देहरादून स्थित कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस लाइन में आयोजित राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह में उन्होंने आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।

इस दौरान कचहरी परिसर और पुलिस लाइन में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि लाखों लोगों के बलिदान, संघर्ष और तप का परिणाम है। उन्होंने खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी घटनाओं को राज्य के इतिहास के अमर अध्याय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के लिए चलाई जा रही पेंशन और सुविधाएं केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक हैं।

Rajya Andolankari Pension- मुख्यमंत्री धामी की प्रमुख घोषणाएं
- शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर उनके क्षेत्र की प्रमुख अवस्थापना सुविधाओं का नामकरण किया जाएगा।
- जेल गए या घायल राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रति माह की जाएगी।
- अन्य श्रेणी के राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹4,500 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह होगी।
- पूर्णतः विकलांग और शय्याग्रस्त आंदोलनकारियों की पेंशन ₹20,000 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रति माह की जाएगी, साथ ही उनके लिए मेडिकल अटेंडेंट की व्यवस्था भी होगी।
- शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति माह की जाएगी।
- आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण हेतु लंबित आवेदन पत्रों के निस्तारण के लिए छह माह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
- राज्य के सभी शहीद स्मारकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
Rajya Andolankari Pension- सीएम धामी ने कहा कि राज्य आंदोलन का इतिहास नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण और स्मृतियों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।