NITI Aayog Ranking

NITI Aayog Ranking- निर्यात में सबसे आगे उत्तराखंड, छोटे राज्यों में पहला स्थान

NITI Aayog Ranking- नीति आयोग द्वारा जारी निर्यात तैयारी सूचकांक (Export Preparedness Index)-2024 में उत्तराखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

राज्य में निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से प्रभावी नीतियां लागू की गई हैं। इनमें निर्यातकों को प्रोत्साहन, आधारभूत ढांचे के विकास के लिए वित्तीय सहायता और लॉजिस्टिक सुविधाओं को मजबूत करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि नीति आयोग की रैंकिंग में उत्तराखंड छोटे राज्यों की श्रेणी में शीर्ष पर पहुंचा है।

NITI Aayog Ranking- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निर्यात तैयारी सूचकांक-2024 में उत्तराखंड का पहला स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है। यह सरकार की उद्योग-समर्थक नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी।

नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, निर्यात आर्थिक विकास का एक प्रमुख इंजन है। इससे न केवल विदेशी मुद्रा अर्जन में वृद्धि होती है, बल्कि वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भागीदारी भी बढ़ती है और व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिलती है। उत्तराखंड का शीर्ष स्थान निवेशकों को आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

राज्य से निर्यात में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2011-12 में उत्तराखंड से जहां कुल 3,530 करोड़ रुपये का निर्यात होता था, वहीं 13 वर्षों में यह आंकड़ा बढ़कर 15 हजार करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। वित्त वर्ष 2023-24 में राज्य से कुल 14,928 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। निर्यात को और बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने लॉजिस्टिक नीति और निर्यात नीति भी लागू की है।

NITI Aayog Ranking- उत्तराखंड से प्रमुख रूप से मोती, कीमती पत्थर और धातुओं का निर्यात किया जाता है। इसके अलावा रासायनिक उत्पाद, कृषि एवं बागवानी आधारित खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद, प्लास्टिक, रबर तथा मशीनरी उपकरण भी राज्य के प्रमुख निर्यात उत्पादों में शामिल हैं।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *