Janta Darbar- भारी बारिश और रेड अलर्ट के बीच भी सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। जिलाधिकारी सविन बसंल ने कुल 122 फरियादें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, घरेलू झगड़े, मुआवज़ा, पेयजल, नगर निगम, एमडीडीए, शिक्षा और रोजगार से संबंधित थीं।
Janta Darbar- मुख्य मामले और कार्रवाई
- सहसपुर निवासी विधवा यशोदा देवी ने बैंक द्वारा रजिस्ट्री न लौटाने और अतिरिक्त धन की मांग की शिकायत की। डीएम ने सीडीओ और जीएम डीसीबी को 3 दिन में समाधान का निर्देश दिया।
- विधवा निशा कोहली ने बताया कि पड़ोसी दीवार पर प्लास्टर नहीं करने दे रहा, जिससे करंट का खतरा है। डीएम ने तहसीलदार को त्वरित कार्रवाई और 3 दिन में रिपोर्ट देने को कहा।
- सोनम राजौरी ने मृतक आश्रित के रूप में नौकरी और पेंशन न मिलने की शिकायत की। डीएम ने मसूरी नगर पालिका से तत्काल रिपोर्ट मांगी।
- गीता देवी ने किरायेदार द्वारा प्रताड़ना और किराया न देने की शिकायत की। डीएम ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
- सतेश्वरी देवी को वृद्धावस्था पेंशन मंजूर की गई।
Janta Darbar- अन्य समस्याओं का समाधान
जनता दर्शन में बंजारावाला निवासी अनूप कुमार और अन्य लोगों को बीमारी व विवाह सहायता के लिए मदद का आश्वासन दिया गया। सपना बिष्ट को EWS सर्टिफिकेट दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सड़क व नदी क्षति से जुड़ी शिकायतों पर सिंचाई विभाग व आपदा प्रबंधन को त्वरित रिपोर्ट और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
Janta Darbar- जिलाधिकारी का संदेश
डीएम सविन बसंल ने कहा कि “मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुसार जिला प्रशासन जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। समाधान से लेकर प्रवर्तन एक्शन तक हर स्तर पर त्वरित कार्यवाही होगी।”
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा, विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें…


Leave a Reply