Gurudev Samadhi Mahotsav- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे, जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इसके बाद रक्षा मंत्री, यूपी के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री हरिद्वार के सप्तऋषि मैदान पहुंचे, जहां त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम भारत की आध्यात्मिक चेतना के मूल आधार हैं।

सीएम योगी ने कहा कि पहले रामभक्तों का अपमान किया जाता था, जो देश की विरासत का अपमान था। आज राष्ट्र की विरासत और रामभक्तों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कभी किसी ने नहीं सोचा था कि राम मंदिर बनेगा, लेकिन आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है।
Gurudev Samadhi Mahotsav- महोत्सव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव पंचूर जाएंगे। इसके साथ ही वे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल से कक्षा 9 की पढ़ाई की थी। टिहरी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में जन्मे योगी आदित्यनाथ की शिक्षा यात्रा इस प्रकार रही- कक्षा 1 से 5 तक प्राथमिक विद्यालय पंचूर, कक्षा 6 से 8 तक जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी, कक्षा 10 खाड़ी हाई स्कूल नरेंद्र नगर, कक्षा 11 और 12 भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश और स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार महाविद्यालय से पूरी की।
Gurudev Samadhi Mahotsav- प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए यमकेश्वर और बिथ्याणी में हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था सुचारु बनी रहे।