Batoli Road Connectivity- देहरादून जिले के सहसपुर ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांव बटोली में जिला प्रशासन ने तेजी से काम करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है, बरसात थमने के सिर्फ 7 दिन के भीतर प्रशासन ने आपदाग्रस्त क्षेत्र बटोली को फिर से सड़क मार्ग से जोड़ दिया है, जिससे अब ग्रामीणों की आवाजाही सुगम हो गई है।
इससे पहले, लगातार अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण बटोली गांव का संपर्क मार्ग पूरी तरह टूट गया था, जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया था और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का वादा किया था।
प्रशासन ने रातों-रात वैकल्पिक मार्ग तैयार किया और रास्ते को सुचारू बनाए रखने के लिए 24×7 मैनपावर और मशीनरी तैनात की थी, डीएम के 11 जुलाई के दौरे के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल और बिजली समस्याओं का भी स्थायी समाधान निकाला गया।

डीएम बंसल ने निर्देश दिए थे कि जंगलों के बीच बाधित होने वाली बिजली लाइन का स्थायी सुधार किया जाए और 2.19 लाख रुपये विद्युत सुधार कार्य के लिए तथा 3.79 लाख रुपये नई पेयजल लाइन के लिए स्वीकृत किए इसके अलावा, प्रभावित परिवारों को तीन महीने के लिए अग्रिम आर्थिक सहायता (₹4,000 प्रति माह) भी प्रदान की गई।
Batoli Road Connectivity- अब बटोली गांव फिर से सड़क संपर्क से जुड़ गया है, और पेयजल व बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो चुकी है साथ ही, स्वास्थ्य विभाग ने डीएम के निर्देश पर गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों की जांच और टीकाकरण भी कराया है।