Ankita Bhandari Case

Ankita Bhandari Case- वायरल वीडियो में छेड़छाड़, भाजपा ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Ankita Bhandari Case- बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो के बाद सियासत में हलचल मच गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस हत्याकांड में वीआइपी का राग अलापने वाली कांग्रेस समय पर सबूत मांगने पर पीठ दिखा गई।

भट्ट ने आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस गंभीर होती तो न्यायालय में साक्ष्यों के साथ बयान दे सकती थी, लेकिन न तो उसने तब वीआइपी का नाम बताया और न ही अब बता रही है। उन्होंने कहा कि अपुष्ट और छेड़छाड़ वाले वीडियो पर कांग्रेस शर्मनाक राजनीति कर रही है।

भट्ट ने बताया कि घटना सामने आते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका संज्ञान लिया और आरोपितों को 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। अंकिता हत्याकांड की कड़ी जांच का ही नतीजा रहा कि आरोपियों को जमानत नहीं मिली। इसके अलावा, अंकिता के स्वजन के मन के मुताबिक सरकारी वकील उपलब्ध कराए गए और उनकी हर मांग को पूरा किया गया। सरकार ने सुनिश्चित किया कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और परिणामस्वरूप आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

Ankita Bhandari Case- भट्ट ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक स्टंटबाजी के चक्कर में जिम्मेदार राजनीतिक दल की भूमिका का निर्वहन नहीं कर रही है। चुनाव से पहले इस मामले में वीआइपी का राग अलापकर कांग्रेस अपनी नाकामी से ध्यान हटा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि वीआइपी कौन है और उसने बयानबाजी के बजाय न्यायालय को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। भट्ट ने यहां तक कहा कि अंकिता की असली अपराधी कांग्रेस है और जनता ने अंकिता की लड़ाई लड़ने के लिए भाजपा को आशीर्वाद दिया।

भट्ट ने आरोप लगाया कि इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो में जिनके बयान और आडियो का जिक्र कांग्रेस के नेता कर रहे हैं, वे रोज अपने बयान, झगड़े, फिर समझौता और बयान बदलने के लिए जाने जाते हैं। इसे राजनीतिक हथियार बनाने का अनैतिक कार्य कांग्रेस कर रही है।

इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिस व्यक्ति का आडियो बताया जा रहा है, उसने आरोप लगाया है कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से उसकी आवाज़ के साथ छेड़छाड़ कर आडियो तैयार किया गया। उसने आरोपी के मोबाइल की जांच की मांग की है। भट्ट ने कहा कि उस पर कार्रवाई के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

Ankita Bhandari Case- भट्ट ने कहा कि बिना पुष्टि के कांग्रेस नेताओं द्वारा आरोप लगाना उनकी अनैतिक राजनीति का एक और प्रमाण है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेताओं को अपने ऐसे गैरजिम्मेदाराना बयान के लिए तत्काल सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।