Uttarakhand SDRF- उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को अपने उत्कृष्ट और साहसिक कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल रही है, सेनानायक अर्पण यदुवंशी के कुशल नेतृत्व में किए जा रहे प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशनों के लिए अमेरिकी दूतावास ने एसडीआरएफ को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसडीआरएफ ने चमोली जनपद के माउंट चौखंबा में फंसी दो विदेशी महिला ट्रेकरों, बदरीनाथ के वसुधारा क्षेत्र में फंसे विदेशी ट्रैकर तथा गंगोत्री जैसे दुर्गम और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कई जटिल रेस्क्यू अभियानों का सफल संचालन किया है। इन अभियानों में टीम ने कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उच्च स्तर की दक्षता, साहस और पेशेवर क्षमता का परिचय दिया।
Uttarakhand SDRF- अमेरिकी दूतावास की ओर से दिया गया स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने ग्रहण किया। यह सम्मान न केवल एसडीआरएफ की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि भविष्य में बल के कार्मिकों के मनोबल को और सशक्त करते हुए उन्हें आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।