Mukhyamantri Champions Trophy- खेलों को मिलेगा बड़ा मंच, विजेता को 5 लाख का इनाम

Mukhyamantri Champions Trophy- उत्तराखंड में खेलों को नई पहचान देने के उद्देश्य से इस वर्ष खेल महाकुंभ को नए प्रारूप में ‘मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025–26’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। यह जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

खेल मंत्री ने बताया कि यह प्रतियोगिता चार चरणों- न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान कुल 26 खेल स्पर्धाएं होंगी, जिनमें इस बार परंपरागत खेलों को भी शामिल किया गया है।

चैंपियनशिप का समापन 28 जनवरी को होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ विजेता को 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चैंपियन का चयन खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों के आधार पर निर्धारित अंकों के कुल योग से किया जाएगा।

Mukhyamantri Champions Trophy- इसके अलावा सांसद ट्रॉफी विजेता टीम को 2 लाख रुपये और विधानसभा ट्रॉफी विजेता टीम को 1 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी। यदि कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे 1 लाख रुपये का अतिरिक्त इनाम भी मिलेगा।

खेल मंत्री ने बताया कि चैंपियनशिप के लिए पंजीकरण 14 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं और अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण 22 दिसंबर तक खुले रहेंगे।

प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की अलग से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए भी पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं।

Mukhyamantri Champions Trophy- इस आयोजन की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रायल और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के पास जूते और ट्रैकसूट उपलब्ध हों। साथ ही सर्दी से बचाव, प्रत्येक खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की तैनाती, आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *