Auli Winter Games 2025- औली में इस साल नेशनल विंटर गेम्स के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया द्वारा प्रतियोगिता को हरी झंडी मिलने के बाद स्की खिलाड़ियों, एडवेंचर प्रेमियों और स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों में नई ऊर्जा और उम्मीद जग गई है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तराखंड में शीतकालीन खेलों की तैयारियों का ज़िक्र कर उत्साह को और बढ़ा दिया है।
स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया की एडॉप कमेटी ने विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप आयोजित करने की सहमति दी। इसके बाद एसोसिएशन ने आधिकारिक पत्र लिखकर पर्यटन विभाग से जल्दी तैयारियां शुरू करने का अनुरोध किया है।
2026 में प्रस्तावित नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप की तारीख बर्फबारी पर निर्भर होगी, लेकिन इसके बावजूद पर्यटन विभाग और एसोसिएशन दोनों ने पहले से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
औली की विश्वस्तरीय ढलानें स्कीइंग खिलाड़ियों की पहली पसंद बनी हुई हैं। यहां का नंदादेवी स्लोप इंटरनेशनल स्कीइंग फेडरेशन से मान्यता प्राप्त है, औली 1979 से कई बार नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी कर चुका है। 2011 में यहां साउथ एशियन विंटर गेम्स का सफल आयोजन भी किया गया था, जिसकी देश-विदेश के खिलाड़ियों ने खूब सराहना की थी।
Auli Winter Games 2025- औली में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है
- खिलाड़ियों के लिए चेयरलिफ्ट और स्की लिफ्ट
- जज और तकनीकी टीमों के लिए ग्लास हाउस
- बर्फ की कमी पूरी करने के लिए स्नो मेकिंग मशीन
- स्लोप को समतल करने के लिए स्नो मीटर मशीन
- कृत्रिम बर्फ बनाने के लिए स्नोगन की व्यवस्था
हालांकि स्नो मेकिंग मशीन की मरम्मत की जरूरत बताई गई है, लेकिन समग्र रूप से औली पूरी तरह खेल आयोजन के लिए सक्षम है।
Auli Winter Games 2025- इंटरनेशनल गेम्स की भी उम्मीद
Auli Winter Games 2025- एडॉप कमेटी ने संकेत दिया है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और समय पर बर्फबारी हुई, तो औली में इंटरनेशनल विंटर गेम्स आयोजित होने की संभावना भी बन सकती है।
विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने पर्यटन विभाग को खेल आयोजन को लेकर लिखित सूचना दे दी है।
पीएम मोदी द्वारा शीतकालीन खेलों का उल्लेख किए जाने के बाद पूरे उत्तराखंड, खासकर चमोली और औली क्षेत्र में लोगों के बीच खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि इससे राज्य के एडवेंचर टूरिज़्म और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।