Chamoli News- चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस आपदा में 90 से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। इलाके में सड़कों के कटाव, मकानों के नुकसान और संचार व्यवस्था बाधित होने से हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं।रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे।
हेलीपैड पर उतरते ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और राहत शिविरों का दौरा किया। कुलसारी में सीएम धामी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह पीड़ितों के साथ खड़ी है और पुनर्वास के सभी इंतजाम किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने प्रभावित परिवारों को राहत राशि के चेक भी बांटे। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी को समय पर मदद पहुंचाई जाएगी।हालांकि, सीएम के दौरे के दौरान प्रभावित लोगों की नाराजगी भी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाओं ने सीएम धामी की गाड़ी के आगे बैठकर विरोध जताया। उनका आरोप है कि प्रशासन की ओर से अभी तक राहत सामग्री सही ढंग से नहीं पहुंचाई गई है और कई परिवार बिना सहायता के हैं।
Chamoli News- स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क संपर्क टूटने और नेटवर्क बाधित होने के कारण मदद देर से पहुंच रही है।सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर भी संदेश जारी करते हुए कहा कि आपदा से प्रभावित हर परिवार को समय पर सहायता दी जाएगी। उन्होंने लिखा कि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और पुनर्वास की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी।
