All Season Tourism- अब उत्तराखंड बनेगा ‘आल सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’

All Season Tourism- उत्तराखंड में पर्यटन के विकास को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य को ‘आल सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए सरकार तेजी से कार्य कर रही है, इसके तहत पर्यटन स्थलों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय सुविधाओं का उन्नयन और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

धामी ने यह बातें रविवार को देहरादून के इंद्रानगर स्थित होटल रायल इन पैलेस में भाजपा मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 132वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद राज्य में पर्यटन और जनसंवाद की महत्वता पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मन की बात’ देशभर में समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत लोगों की कहानियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का एक अनूठा मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अक्सर उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हैं और स्वयं राज्य के प्रमुख धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों का दौरा कर चुके हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव पर्यटन पर पड़ा है।

All Season Tourism- धामी ने यह भी साझा किया कि इस वर्ष राज्य में शीतकालीन पर्यटन ने अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है। डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक शीतकालीन यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचे, जबकि आदि कैलास में 36,700 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *