Wood Backlog- उत्तराखंड विधानसभा में आज जौनसार-बाबर क्षेत्र के लोगों को हकहकूक के रूप में मिलने वाली लकड़ी के बैकलॉग को पूरा करने का ऐलान किया गया, संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सदन में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि हकहकूकधारियों को मिलने वाली लकड़ी की प्रक्रिया जारी है और जो भी पिछली देरी हुई है, उसका निपटारा किया जाएगा।
सदन में चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि जौनसार-बाबर क्षेत्र के लोगों को हकहकूक के रूप में मिलने वाली लकड़ी पिछले तीन साल से नहीं मिली है उन्होंने आग्रह किया कि वन विकास निगम को मिलने वाली लकड़ी से पहले हकहकूकधारियों को उनकी लकड़ी दी जाए, और केवल बची हुई लकड़ी ही वन विकास निगम को प्रदान की जाए।
इस पर जवाब देते हुए सुबोध उनियाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा लकड़ी वितरण की सीमा तय की गई है। गढ़वाल मंडल में हकहकूकधारियों को 13,033 घन मीटर और कुमाऊं में 16,460 घन मीटर लकड़ी दी जाती है। इसके अलावा 2,560 घन मीटर लकड़ी वन्य जीव क्षेत्रों से प्रदान की जाती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैकलॉग को पूरा करने के लिए प्रक्रिया गतिमान है और जल्द ही इसे निपटाया जाएगा।
Wood Backlog- सुबोध उनियाल ने यह भी स्पष्ट किया कि हकहकूकधारियों के अधिकार सुरक्षित रहते हुए ही वन विकास निगम को लकड़ी प्रदान की जाती है, जिससे संतुलित वितरण सुनिश्चित हो सके।