Uttarakhand Board Exam- उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होंगी, परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार राज्य, मंडल और जिला स्तर पर तीन स्तरीय सचल दल गठित किए जाएंगे। प्रदेशभर में बनाए गए 1261 परीक्षा केंद्रों पर दो लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर लिए गए हैं।
Uttarakhand Board Exam- उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए 39 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मूल्यांकन कार्य के लिए 29 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 16 केंद्र गढ़वाल मंडल और 13 केंद्र कुमाऊं मंडल में स्थित हैं। प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कॉपियों की जांच की जाएगी, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

प्रदेश में कुल 1261 परीक्षा केंद्रों में से 50 एकल और 1211 मिश्रित केंद्र हैं। इनमें 156 केंद्र संवेदनशील और छह अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इस वर्ष 24 नए परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं। जिलों की बात करें तो टिहरी में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र और चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र बनाए गए हैं।
Uttarakhand Board Exam- बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित की गईं, जो अब संपन्न हो चुकी हैं। अब मुख्य लिखित परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। बोर्ड प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलमुक्त परीक्षा संचालन का भरोसा दिलाया है।