Chamoli: उत्तराखंड के पहाड़ एक बार फिर प्रकृति के कहर से कांप उठे। कुछ ही दिन पहले उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना हुई थी, और अब चमोली जिले के थराली तहसील में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ों से आए मलबे ने तहसील परिसर, एसडीएम आवास समेत कई मकानों को चपेट में ले लिया।
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि अब तक एक युवती का शव बरामद किया गया है। हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक व्यक्ति लापता है। आपदा से प्रभावित क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई है
Chamoli- प्रशासन ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। प्रभावित परिवारों को कुलसारी पॉलिटेक्निक, तहसील परिसर और अन्य सरकारी भवनों में अस्थायी तौर पर ठहराया गया है। भोजन और रहने की व्यवस्था भी की गई है। एन डी आर एफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का काम कर रही हैं। आईटीबीपी के जवान पेड़ों और मलबे को काटकर रास्ता साफ कर रहे हैं ताकि बचाव अभियान सुचारू रूप से चल सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुःख जताते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
Chamoli- प्रशासन ने लोगों से आपदा प्रभावित इलाकों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। फिलहाल, राहत कार्य जारी है, लेकिन तबाही का मंजर पहाड़ों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर रहा है।
