Tristariya Panchayat Chunav Uttarakhand- उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया को फिर से पटरी पर ला दिया है, नैनीताल हाईकोर्ट में 14 जुलाई को हुई अहम सुनवाई के बाद चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया दोपहर 2 बजे से शुरू कर दी गई।
इससे पहले 13 जुलाई को आयोग ने एक अंतरिम निर्णय लेते हुए 14 जुलाई को सुबह होने वाले चुनाव चिन्ह वितरण को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया था, क्योंकि मामला हाईकोर्ट में लंबित था।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि 11 जुलाई को जारी आदेश में पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया पर कोई रोक नहीं लगाई गई है, कोर्ट ने सिर्फ 6 जुलाई को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी उस सर्कुलर को स्थगित किया था, जिसमें दोहरी मतदाता सूची वाले लोगों को मतदान और चुनाव लड़ने की अनुमति दी गई थी।

Tristariya Panchayat Chunav Uttarakhand- निर्वाचन आयोग ने क्या कहा?
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि हाईकोर्ट के स्पष्टीकरण के बाद आयोग ने पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुरूप चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत 14 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया गया, जबकि शेष आवंटन का कार्य 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से संपन्न कराया जाएगा।
Tristariya Panchayat Chunav Uttarakhand- क्या है मामला?
उल्लेखनीय है कि आयोग ने 6 जुलाई को एक सर्कुलर जारी कर दोहरी मतदाता सूची (शहरी और ग्रामीण) में दर्ज नाम वालों को मतदान और प्रत्याशी बनने की छूट दी थी, जिसे हाईकोर्ट ने 11 जुलाई को स्थगित कर दिया था। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी।
आयोग ने 13 जुलाई को एक पत्र के माध्यम से हाईकोर्ट से आदेश में संशोधन की मांग की थी, जिसमें कहा गया था कि इससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। 14 जुलाई को इस पत्र पर हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने कहा कि आयोग चुनाव प्रक्रिया को पंचायत राज अधिनियम और पूर्व अधिसूचना के अनुसार आगे बढ़ा सकता है।
यह भी पढ़ें…