Senior Citizen Day- अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और “वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प” दिलाया।
कार्यक्रम में सीएम धामी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। वरिष्ठ नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वाकथन रैली का शुभारंभ भी किया।
Senior Citizen Day- मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की नींव हैं और उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करता है। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर बुजुर्गों के लिए अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना जैसी कई योजनाएं चला रही हैं। वर्तमान में प्रदेश के लगभग 6 लाख बुजुर्गों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन दी जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में निर्माण कार्य चल रहा है। रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम और अन्य जिलों में भी परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
Senior Citizen Day- सीएम धामी ने बताया कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 150 प्रशिक्षित केयर गिवर तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए भरण-पोषण अधिनियम भी राज्य में लागू है।