Jan Jan Ke Dwar- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘जन-जन की द्वार और प्रशासन गांव की ओर’ अभियान शासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल, सीधा संवाद, आपसी विश्वास और सहभागिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। इस अभियान के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान न्याय व ग्राम पंचायत स्तर पर ही तेजी से किया जा सकेगा, जिससे कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता आएगी और प्रत्येक ग्रामीण को उसका वास्तविक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री मंगलवार को न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर में बतौर मुख्यसेवक संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, विशेष रूप से महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) जैनोली के जर्जर विद्यालय भवन की शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने उसके शीघ्र जीर्णोद्धार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
Jan Jan Ke Dwar- मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है और ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन को जनता के और करीब लाने का माध्यम बन रहे हैं।