Snowfall in Rudraprayag- इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों ने एक बार फिर बर्फ की चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अनुमान जताया था, जो कि सच साबित हुआ।
पर्वतीय इलाकों में कल से बारिश-बर्फबारी (Snowfall) का दौर जारी है। केदारघाटी में भी बर्फबारी हो रही है। रुद्रप्रयाग जिले से बर्फबारी की ताजा तस्वीरें आई हैं। बर्फबारी के बाद पहाड़ों की खूबसूरती और निखर गई है। पर्यटकों के लिए ये मौका बेहद खास है,

क्योंकि पर्यटक पिछले दो महीने से बर्फबारी (Snowfall) का इंतजार कर रहे थे, लेकिन ये इंतज़ार फरवरी की शुरुआत में जाकर खत्म हुआ है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद लोग पर्वतीय इलाकों में छुट्टियां मनाने पहुंचने लगे हैं, जिससे कारोबारी भी खुश हैं। बागवानी करने वाले किसान भी बारिश-बर्फबारी के बाद राहत महसूस कर रहे हैं।
इस बारिश और बर्फबारी (Snowfall) को फसलों के लिए संजीवनी बताया जा रहा है। बदरीनाथ धाम सहित हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों सहित नीती और माणा घाटियों में बर्फबारी हुई है। निजमुला घाटी के पाणा, ईराणी, झींझी गांव में भी बर्फबारी हुई, वहीं पर्यटन ग्राम रामणी में भी बर्फबारी होने से खेतों और आम रास्तों में बर्फ बिछ गई है।
चलिए आपको रुद्रप्रयाग जिले से आई बर्फबारी (Snowfall) की ताजा तस्वीरें दिखाते हैं। बर्फबारी के बाद केदारघाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लोग राहत पाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। यहां तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।