Dhaulas Land Dispute- देहरादून के धौलास क्षेत्र में भारतीय सैन्य अकादमी के पीछे खरीदी गई कृषि भूमि पर कालोनी काटने के बाद करीब 165 खरीदारों को आवासीय प्लाट बेचे जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है, भूमि खरीदारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सुनवाई का अवसर देने की मांग की है।
खरीदारों का कहना है कि इस भूमि को उन्होंने जीवनभर की जमा-पूंजी से खरीदा है और सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच पहले ही स्थानीय राजस्व अधिकारियों से करवाई गई थी। अधिकारियों ने भी खरीदारों को आश्वस्त किया था कि भूमि कृषि श्रेणी की है और इसके स्वामित्व या किसी अन्य विवाद में कोई समस्या नहीं है।
Dhaulas Land Dispute- भूमि के अधिकांश खरीदार उत्तराखंड के निवासी हैं, जिनमें कई पूर्व सैनिक भी शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा किसी भी जांच या कार्रवाई की योजना बनाने से पहले सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए।
खरीदारों की चिंता इस बात को लेकर है कि जमीन राज्य सरकार में निहित करने की कथित योजना से उनकी खरीद प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी खरीद पूरी तरह वैध थी और उन्होंने नियमों का पालन करते हुए भूखंड खरीदे हैं।
Dhaulas Land Dispute- धौलास में यह मामला स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के लिए संवेदनशील बन गया है। प्रशासन ने फिलहाल खरीदारों को आश्वस्त किया है कि सभी पक्षों की सुनवाई के बाद ही कोई कदम उठाया जाएगा।