Delhi Dehradun Expressway- दिल्ली से देहरादून के बीच सफर अब पहले से कहीं तेज और आसान होने जा रहा है, करीब 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को अप्रैल 2026 में चरणबद्ध तरीके से खोलने की तैयारी चल रही है, इस परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना जताई जा रही है, जो अप्रैल के पहले सप्ताह या फिर केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के आसपास उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं।
एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर महज 2 से 2.5 घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जबकि अभी इसी दूरी को तय करने में 6 से 6.5 घंटे तक लग जाते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर चल रही 20–25 मिनट में दूरी पूरी होने की बात सही नहीं है; यह समय केवल किसी छोटे शहरी हिस्से के लिए हो सकता है, पूरे रूट के लिए नहीं।
Delhi Dehradun Expressway- करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 6-लेन एक्सप्रेसवे दिल्ली को बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के रास्ते देहरादून से जोड़ेगा। दिल्ली में इसका एलिवेटेड सेक्शन सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होता है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

इस प्रोजेक्ट की एक बड़ी खासियत इसका पर्यावरण संतुलन पर ध्यान देना भी है। राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है, ताकि जानवरों की आवाजाही प्रभावित न हो।
Delhi Dehradun Expressway- फिलहाल एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों पर अंतिम कार्य और ट्रायल रन जारी हैं, लेकिन बड़े हिस्से के अप्रैल में खुलने की उम्मीद है। इसके शुरू होने के बाद न सिर्फ यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियां भी तेज होंगी। कुल मिलाकर यह एक्सप्रेसवे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव लाने वाला साबित हो सकता है।