Bhagirathi Bisht- उत्तराखंड के चमोली जिले की धाविका भागीरथी बिष्ट ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है, कर्नाटक के मैंगलोर में आयोजित 85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025–26 के हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) दौड़ में भागीरथी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, इसी प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ की माया ने रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
मैंगलोर में 12 से 16 जनवरी तक आयोजित इन खेलों के तहत 15 जनवरी को हाफ मैराथन का आयोजन हुआ। देशभर से आए शीर्ष धावकों के बीच 24 वर्षीय भागीरथी बिष्ट ने 1 घंटा 21 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का दबदबा साफ तौर पर दिखाई दिया।

Bhagirathi Bisht- भागीरथी की इस जीत से चमोली और देवाल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अन्य जिले के खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
भागीरथी के कोच, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने हाफ मैराथन में शानदार रणनीति और धैर्य का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने यह भी बताया कि भागीरथी इससे पहले ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

Bhagirathi Bisht- ‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से प्रसिद्ध भागीरथी बिष्ट वर्तमान में पौड़ी जिले के रांसी स्टेडियम में नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत कर रही हैं। उनका सपना है कि एक दिन ओलंपिक खेलों में मैराथन दौड़ में भारत के लिए पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करें।