AI Teacher Training- स्कूलों में एआई की एंट्री, शिक्षक बनेगें टेक्नोलॉजी फ्रेंडली
AI Teacher Training- बदलते डिजिटल दौर में शिक्षा व्यवस्था को भविष्य के अनुरूप ढालने के लिए राज्य सरकार अब शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) में दक्ष बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसके तहत शिक्षकों के लिए सतत व्यावसायिक विकास (सीपीडी) कार्यक्रम तैयार किया जाएगा, जिससे कक्षा शिक्षण को एआई आधारित नवाचारों से जोड़ा जा सके और छात्रों के अधिगम परिणामों में सुधार हो।
एससीईआरटी के अनुसार भविष्य की शिक्षा प्रणाली में एआई की बढ़ती भूमिका को देखते हुए राज्य स्तर पर समग्र रणनीति बनाई जा रही है। शिक्षकों को डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और इंटरेक्टिव टूल्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण में एआई के बुनियादी सिद्धांत, डेटा आधारित शिक्षण, पर्सनलाइज्ड लर्निंग और मूल्यांकन विश्लेषण जैसे विषय शामिल होंगे।
एससीईआरटी के एआई संकाय के वरिष्ठ शिक्षक रमेश बडोनी ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एआई कार्यक्रम में सामने आई चुनौतियों और सुझावों के आधार पर राज्य में यह पहल लागू की जाएगी। एआई आधारित शिक्षण उपकरणों का चरणबद्ध परीक्षण किया जाएगा और सफल मॉडलों को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय एआई ढांचे के अनुरूप राज्य-विशिष्ट कार्ययोजना भी तैयार होगी, ताकि स्थानीय जरूरतों के अनुसार नवाचारों को अपनाया जा सके।

AI Teacher Training- प्रदेश के 13,825 राजकीय विद्यालयों में एआई का उपयोग न केवल शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाएगा, बल्कि शिक्षकों के कार्यभार को भी संतुलित करेगा। इससे विद्यार्थियों को उनकी सीखने की गति और समझ के स्तर के अनुरूप सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी। आने वाले समय में डिजिटल कक्षाएं, स्मार्ट कंटेंट और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
उत्तराखंड अकादमी शोध एवं प्रशिक्षण की निदेशक बंदना गर्ब्याल ने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत बोधन एआई कॉन्क्लेव 2026’ में एआई नीति को समावेशी, इंटरऑपरेबल और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। शिक्षकों के सशक्तिकरण में एआई को महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का संकल्प भी लिया गया।
AI Teacher Training- उन्होंने बताया कि एससीईआरटी के डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत अब तक 54 हजार में से 49 हजार शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जिससे राज्य में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा मिल रही है।