UKSSSC Exam Cancelled- उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को राज्य सरकार ने रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपी गई एकल सदस्यीय जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया।
यह परीक्षा 21 सितंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 1.05 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। रिपोर्ट में परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक के साक्ष्य सामने आने के बाद सरकार ने परीक्षा निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस निर्णय का अन्य परीक्षाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जांच आयोग का नेतृत्व सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी ने किया, जिन्होंने राज्यभर में जनसंवाद कर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों से तथ्य जुटाए। रिपोर्ट सौंपने के बाद सरकार ने परीक्षा को निरस्त करने और तीन महीने के भीतर नई परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
UKSSSC Exam Cancelled- गौरतलब है कि परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक केंद्र से प्रश्नपत्र के तीन पन्ने मोबाइल के जरिए बाहर लीक हो गए थे, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इस घटना के बाद प्रदेशभर के बेरोज़गार युवा उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के बैनर तले सड़कों पर उतर आए और सीबीआई जांच व परीक्षा रद्द करने की मांग की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंदोलन के दौरान खुद छात्रों से मुलाकात की थी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। उन्होंने एसआईटी गठन के साथ ही न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में जांच आयोग गठित किया था।
UKSSSC Exam Cancelled- जांच पूरी होने के बाद, आज आयोग की रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई और उसी के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। वहीं, भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री से मिलकर छात्रहित में परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की थी, जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।