Everest CSR- मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आकांक्षा कोण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एवरेस्ट कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रमुख मीनाक्षी डे, शिक्षा विभाग के अधिकारी, और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सी.एस.आर. गतिविधियों की समीक्षा करना और भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करना था।
बैठक में एवरेस्ट कंपनी ने जानकारी दी कि वह अपने सी.एस.आर. कार्यक्रम के अंतर्गत आजीविका संवर्धन और व्यावसायिक प्रशिक्षण (Vocational Training) पर विशेष ध्यान दे रही है। कंपनी द्वारा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को ज्वेलरी डिजाइनिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटीशियन, और इलेक्ट्रीशियन जैसे ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
Everest CSR- एवरेस्ट कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे अपने औद्योगिक इकाई से 20 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। इस पर सीडीओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे इस दायरे में आने वाले सभी विद्यालयों की सूची तैयार कर कंपनी को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रशिक्षण कार्य बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।

इसके साथ ही महाप्रबंधक (जीआईसी) को निर्देश दिए गए कि वे सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक कुशल मानव संसाधन की जानकारी एकत्रित कर उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को उन्हीं ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जाए जिनकी वर्तमान औद्योगिक बाजार में मांग है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
Everest CSR- इस बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सहित एवरेस्ट कंपनी के अन्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया