Aerial Vistas of Uttarakhand- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने शासकीय आवास पर प्रसिद्ध फोटोग्राफर भूमेश भारती की कॉफी टेबल बुक ‘Aerial Vistas of Uttarakhand’ का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फोटोग्राफी संग्रह में उत्तराखंड की प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनुपम समावेश है, जिसे भूमेश भारती ने 15 वर्षों की निरंतर मेहनत और समर्पण से साकार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द शुरू होने जा रहे दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर से राज्य में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य सरकार यातायात और अधोसंरचना से जुड़ी चुनौतियों को लेकर पहले से ही सक्रियता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून की ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए 26 किमी लंबे रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फ्लोटिंग पॉपुलेशन के लिए सुविधाएं विकसित करने हेतु नीति आयोग से विशेष वित्तीय सहायता का अनुरोध भी किया गया है।
Aerial Vistas of Uttarakhand- उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने अब तक 6,500 एकड़ से अधिक अतिक्रमित भूमि को मुक्त करवाया है और राज्यभर में सतत विकास के लिए नवाचारों को अपनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक पर्यटन स्थल नहीं बल्कि आध्यात्म, संस्कृति और प्रकृति का त्रिवेणी संगम है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में नई पर्यटन नीति लागू की गई है, जिसके तहत निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। साथ ही फिल्म निर्माण को सुगम बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम शुरू किया गया है। फिल्म निर्माताओं को सब्सिडी और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे उत्तराखंड को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का खिताब भी मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में राज्य के चार गांव—जखोल, हर्षिल, गूंजी और सूपी—को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से “सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार” से नवाजा गया है।
Aerial Vistas of Uttarakhand- कार्यक्रम में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, वरिष्ठ पत्रकार सतीश शर्मा और राज्यभर से आए फोटोजर्नलिस्ट उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें…