दुनिया में एक से एक आलीशान होटल और लग्जरी होटल हैं. इनमें कुछ बेहद अनोखे हैं. ‘एश्चर क्लिफ’ स्विट्जरलैंड में पहाड़ों की गोद में बना हुआ है, जहां अलग ही रोमांच महसूस होता है. मालदीव के रंगाली आइलैंड पर स्थित ‘कोनराड होटल’ तो समुद्र के बीच बना हुआ है. फ्रांस के ‘एट्रप रीव्स’ में अगर आप ठहरे तो चारों ओर से बर्फबारी का आनंद मिलेगा. इसी तरह इटली के पहाड़ पर एक गुफा के अंदर बनाया गया ‘ग्रोटा होटल’ आपको रोमांच से भर देगा. लेकिन क्या आप आसमान में होटल के बारे में सोच सकते हैं।
जिसमें जिम से लेकर स्विमिंग पूल जैसी शाही सुविधाएं मौजूद हों. सुनने में यह एक हसीन ख्वाब लग रहा होगा, लेकिन ये हकीकत है. आज हम आपको एक स्काई क्रूज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो होटलों की तरह बनाया गया है. इसमें आपको बादलों के बीच रहकर रात गुजारने का मौका मिलेगा. ऐसा महसूस होगा कि आप आसमान में बने फाइव स्टार होटल में रह रहे हों. एडवेंचर करने वालों के लिए यह शानदार जगह होगी।
सोशल मीडिया पर इस स्काई क्रूज का फोटो पोस्ट किया गया है. यमन के इंजीनियर हाशेम अल-घैली ने इसके बारे में विस्तार से बताया है. उनके मुताबिक, यह एक विशाल न्यूक्लियर-पावर्ड ‘फ्लाइंग होटल’ है, जो आसमान में ही उड़ता रहेगा. न्यूक्लियर-पावर्ड का मतलब आप समझे कि यह डीजल पेट्रोल या गैस से नहीं चलेगा. एटम फ्यूल से चलेगा. इसमें एक साथ 5000 यात्री रह सकेंगे. हवा में उड़ते हुए बादलों के बीच रहना किसी को भी रोमांच से भर देगा. इसमें जिम से लेकर स्विमिंग पूल तक तमाम सुविधाएं होंगी. फोटो में आप इसे देख भी सकते हैं. आपको यकीन नहीं होगा कि आसमान में इतना ऊंचा महल रह भी सकता है. खास बात इसमें बार-बार फ्यूल नहीं देना होगा; एक बार भरने के बाद काफी दिनों तक चलता रहेगा।
Sky Cruise- अंदर से 5 स्टार होटल जैसा आता नजर
यह उड़ने वाला होटल विलासिता का प्रतीक है. अंदर से यह किसी 5 स्टार होटल जैसा नजर आता है. इसमें शॉपिंग मॉल, बार, रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल के साथ बच्चों के खेलने के लिए ग्राउंड भी बनाया गया है. इसके अंदर एक कांफ्रेंस सेंटर भी होगा, जहां कोई भी आयोजन किया जा सकेगा. सबसे खास बात, यह स्काई क्रूज पूरी तरह परमाणु एनर्जी से संचालित है. इसे फ्यूजन रिएक्टर से चलाया जाएगा. सीधी भाषा में समझें तो इसमें हवाई जहाज की तरह ईंधन भरने की जरूरत नहीं होगी. एटम फ्यूल होने की वजह से यह हमेशा हवा में उड़ता रहेगा. इसका रखरखाव और मरम्मत भी हवा में ही हो जाएगी।