Kumbh 2027- कुंभ 2027 के लिए उत्तराखंड को 500 करोड़ की सौगात

Kumbh 2027- भारत की आस्था और आध्यात्मिक परंपरा के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल कुंभ मेले की तैयारियों को बड़ा बल मिला है, उत्तराखंड में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है, इस राशि से मेला क्षेत्र में अवस्थापना विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक कार्यों में तेजी आएगी।

हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक कुंभ मेला आयोजित होना प्रस्तावित है। प्रदेश सरकार ने इसे दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्र से मिली आर्थिक सहायता से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

Kumbh 2027

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है।

Kumbh 2027- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है और राज्य के विकास कार्यों में केंद्र का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *