Union Budget 2026-27- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला बताया है उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को साकार करने पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य की आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल की गई है, जिससे पर्वतीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया है, जो राज्य के सतत विकास के लिए आवश्यक है।
Union Budget 2026-27- मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।
Union Budget 2026-27- मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी विकास के समान अवसर प्रदान करेगा।


Leave a Reply