Ration Card eKYC- राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर बुधवार को थी। इस दिन जिले के सरकारी सस्ते गल्ला दुकानों पर दिनभर आवागमन जारी रहा। नैनीताल जिले में कुल 9518 लोगों ने ई-केवाईसी करवाई, जबकि अब तक जिले में कुल 9,60,410 राशन कार्ड यूनिट में से केवल 6,12,225 यूनिटों का ही सत्यापन पूरा हुआ है, यानी लगभग 63 प्रतिशत ही ई-केवाईसी पूरी हो सकी है।
कोहरे और ठंड के बीच सुबह से ही लोग पीलीकोठी, देवलचौड़, जज फार्म, गौलापार और अन्य सरकारी सस्ते गल्ला दुकानों पर लंबी लाइनों में खड़े होकर ई-केवाईसी करवा रहे थे। जिले में सबसे अधिक 5066 सत्यापन हल्द्वानी में हुए।
आल इंडिया फेयर प्राइस शाप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने ई-केवाईसी की तारीख बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि अभी कई पात्र राशनकार्डधारकों का सत्यापन होना बाकी है, और अगर समय पर ई-केवाईसी नहीं होती है तो उनके नाम राशन कार्ड से कट सकते हैं, जिससे लोगों और विक्रेताओं दोनों को नुकसान होगा।
Ration Card eKYC- क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय जोशी ने बताया कि फिलहाल ई-केवाईसी बंद करने का कोई आदेश नहीं आया है, लेकिन लोगों से आग्रह है कि वे जल्द से जल्द अपना सत्यापन करवाएं, ताकि राशन कार्ड से नाम कटने की समस्या से बचा जा सके।