Uttarakhand Weather

Uttarakhand Weather- बारिश ने दी गर्मी से राहत, 20 जून के बाद दस्तक दे सकता है मानसून

Uttarakhand Weather- उत्तर भारत में इस साल मई-जून की बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत पहुंचाई, वहीं मौसम साफ होते ही तापमान फिर तेजी से चढ़ता नजर आया, मंगलवार को दिन की शुरुआत बादलों के बीच हुई, लेकिन जैसे ही धूप निकली, उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि दोपहर बाद हुई तेज बारिश से एक बार फिर मौसम में ठंडक घुल गई।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ऊपर, 24.5 डिग्री रहा। यही हाल उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों का भी रहा। पहाड़ी जिलों में बारिश के कारण दिन के तापमान में अपेक्षाकृत ज्यादा गिरावट देखी गई।

मौसम विशेषज्ञ रोहित थपलियाल के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि मानसून के उत्तर प्रदेश में 19 से 20 जून के बीच पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद उत्तराखंड में भी इसका आगमन होगा।

Uttarakhand Weather- इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, 23 जून तक राज्य भर में मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

यह भी पढ़ें…

घर-घर लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, मोबाइल से भी कर पाएंगे रिचार्ज