Char Dham Yatra- चारधाम यात्रा ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है, गुरुवार को यात्रा मार्गों और पंजीकरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और ऑफलाइन पंजीकरण कराने वालों की संख्या में अचानक बड़ा इजाफा दर्ज किया गया।
आम दिनों में जहां सुबह नौ बजे तक करीब 3500 यात्री ऑफलाइन पंजीकरण करा रहे थे, वहीं गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 5500 तक पहुंच गया, बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। श्रद्धालुओं में केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।
सोनप्रयाग जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। रोडवेज बस काउंटरों पर सुबह से ही यात्रियों की लंबी लाइनें लगी रहीं। भीड़ को संभालने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने 15 अतिरिक्त बसें सोनप्रयाग के लिए रवाना कीं। इसके अलावा निजी परिवहन कंपनियों ने भी 25 से अधिक बसों का संचालन किया, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

यात्रा सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ ही होटल, धर्मशालाएं और टैक्सी सेवाओं में भी रौनक बढ़ गई है। प्रशासन लगातार यात्रा मार्गों पर निगरानी बनाए हुए है और सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा यातायात व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
Char Dham Yatra- अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है। ऐसे में श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले पंजीकरण अवश्य कराएं और मौसम संबंधी अपडेट लेकर ही यात्रा करें। चारधाम यात्रा में उमड़ रही भारी भीड़ से स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन उद्योग को भी बड़ा आर्थिक लाभ मिल रहा है।