20 AC Tempo Travelers

20 AC Tempo Travelers- उत्तराखंड में परिवहन सुविधा को नया आयाम

20 AC Tempo Travelers- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से एक विशेष समारोह में उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित 20 नई वातानुकूलित मिनी बस सेवाओं (टैम्पो ट्रैवलर) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सेवाओं का उद्देश्य राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों के बीच यात्रियों को अधिक सुगमता और सुविधा प्रदान करना है।

नवीन टैम्पो ट्रैवलर में से 10 देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे इन रूटों पर यातायात जाम की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है। उन्होंने जीटीसी हेलीपैड तक टैम्पो ट्रैवलर में यात्रा कर इसका अनुभव भी लिया।

20 AC Tempo Travelers- मुख्यमंत्री ने इस पहल को राज्य के परिवहन ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ये सेवाएं यात्रियों को न केवल आरामदायक बल्कि सुरक्षित और सस्ती यात्रा का अनुभव देंगी, जिससे पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार परिवहन सेवाओं को तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और रूट ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परिवहन निगम बीते तीन वर्षों से लाभ में चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने की योजना पर भी काम चल रहा है और बसों की खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निगम के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी गई है, जिसमें डीए में बढ़ोतरी, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, और भर्तियों के माध्यम से मानव संसाधन को मजबूत करना शामिल है।

20 AC Tempo Travelers- इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, परिवहन निगम के अध्यक्ष एल. फैनई, प्रबंध निदेशक रीना जोशी सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें…

घर-घर लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, मोबाइल से भी कर पाएंगे रिचार्ज