राम मंदिर का ग्राउंड फ्लोर रेडी, जरूरत पड़ी तो सरयू से लेंगे पानी; चंपत राय ने नक्शा दिखाकर बताया कहां क्या

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य जोरशोर से जारी है। यहां अगले साल 22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बुधवार को नक्शे के जरिए मंदिर से जुड़ी कई अहम बातों को समझाया। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मानचित्र के जरिए यह बताया कि निर्माण कार्य कहां तक पहुंचा है और किस जगह पर क्या सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो सरयू नदी से पानी लिया जाएगा। नहीं तो, पानी जमीन से लेंगे और जमीन का पानी जमीन में ही जाएगा।

चंपत राय ने बताया कि 70 एकड़ भूमि में से अधिकतम 30 फीसदी भाग पर निर्माण हो रहा है। उत्तरी हिस्से में मंदिर बनाया जा रहा है जो कि दक्षिण की तुलना में पतला क्षेत्र है। उन्होंने कहा, ‘आप यह सवाल कर सकते हैं कि मंदिर को क्यों इतने छोटे हिस्से में बनाया गया और बड़ी वाली जगह पर क्यों नहीं? इसकी वजह यह है कि 70 साल से कोर्ट में जो याचिका दायर है वो इसी प्लाट नंबर को लेकर है। इसीलिए इसे नहीं छोड़ा जा सकता था।’